बिहार का अवदान, योग का वरदान

बिहार का अवदान, योग का वरदान

योग के सूर्य का हुआ उदय, बिहार की पुण्य धरा पर।
गायत्री मन्त्र की गूँज उठी, इसी विद्या-वसुंधरा पर।।
षडंग योग, अष्टांग योग, सबने यहीं पाया आकार।
हठयोग हो, शव साधना हो, सबके बने यहीं संस्कार।।
इसी धरा पर सत्यानन्द ने, योग विद्यालय किया स्थापित। 
बना प्रथम यह विश्वविद्यालय, पूरा भारत इस पर गर्वित।।
योग दिवस के इस अवसर पर, स्मरण करें उनका अवदान।
इस बिहार को, इसके जन को, करता है यह कवि प्रणाम।।
अविनाश कुमार सिंह

जहाँ की हवाओं में पहली बार पवित्र गायत्री मन्त्र के गायन ने संगीत की हृदयस्पर्शी तान छेड़ी, उसी बिहार की पावन धरा पर योग का अभ्युदय हुआ। षडंग योग (छह अंगों वाला योग—प्राणायाम, प्रत्याहार, ध्यान, धारणा, तर्क और समाधि) के प्रवर्तक एवं मैत्रायणी उपनिषद के रचनाकार शाकायन्य बिहार से सम्बंधित थे। अष्टांग योग के द्रष्टा, योग दर्शन के प्रणेता और ‘योगसूत्र’ के रचयिता ‘महर्षि पतंजलि’, मौर्यकालीन प्रसिद्ध व्याकरणाचार्य और अष्टाध्यायी के रचयिता ‘पाणिनि’ (मनेर/पटना) के ही शिष्य थे। पतंजलि के अनुसार चित्त की वृत्तियों को चंचल होने से रोकना (चित्तवृत्तिनिरोधः) ही योग है। पहले बौद्ध सिद्ध कवि एवं सहज योग के समर्थक सरहपा या सरहपाद (750 ई० के आसपास) नालंदा विश्वविद्यालय के छात्र एवं अध्यापक थे। षटचक्रों वाले योगमार्ग की साधना-पद्धति के प्रवर्तक एवं नाथ-संप्रदाय के संस्थापक गुरु गोरखनाथ (13 वीं सदी) की कर्मभूमि बिहार रही। इन्होंने हठयोग को अपनी साधना-पद्धति का अनिवार्य अंग माना और बताया कि हठयोगी साधना द्वारा शरीर और मन को शुद्ध करके शून्य में समाधि लगाता है और वहीं ब्रह्म का साक्षात्कार प्राप्त करता है। उन्होंने लिखा है कि धीर वह है जिसका चित्त विकार साधना होने पर भी विकृत नहीं होता–

‘नौ लख पातरि आगे नाचैं, पीछे सहज अखाड़ा।
ऐसे मन लै जोगी खेलै, तब अंतरि बसै भंडारा।। ’

बिहार की धरती पर प्रथम योग विश्वविद्यालय की स्थापना हुई। मुंगेर जिले में पतितपावनी गंगा के पावन तट पर स्थित ‘बिहार योग विद्यालय’ योग शिक्षण-प्रशिक्षण का अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त मानद विश्वविद्यालय है, जो योग की अति-प्राचीन पद्धति को विज्ञान-सम्मत और वैज्ञानिक परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करता है। गंगा आत्मा के परमात्मा में पुनर्मिलन की यात्रा अर्थात योग का सशक्त सलिल प्रतीक है। 1964 में गुरुवर स्वामी शिवानन्द (वेदांत के प्रखर विद्वान एवं दिव्य जीवन संघ के संस्थापक) के योग्य शिष्य स्वामी सत्यानन्द सरस्वती द्वारा प्रतिष्ठित यह संस्थान अभी भी गुरुकुल शैली की परम्परा को जीवंत रखे हुए है। संस्थान के अनुसार वर्तमान में यहाँ से प्रशिक्षित लगभग 30000 लोग देश-विदेश में योग ज्ञान की गंगधार बहा रहे हैं और योग संस्कृति को पुष्पित-पल्लवित कर रहे हैं। भारत के पूर्व राष्ट्रपति मिसाइलमैन डा० ए०पी०जे० अब्दुल कलाम ने बिहार के मुंगेर को ‘योग नगरी’ की संज्ञा दी थी। तमाम प्रसिद्ध नेताओं, अभिनेताओं, वैज्ञानिकों के अलावा योग गुरु बाबा रामदेव ने भी इस योग विद्यालय की प्रशंसा की थी।
स्वामी सत्यानन्द के शिष्य एवं बिहार योग विद्यालय के वर्तमान कर्ता-धर्ता स्वामी निरंजनानन्द द्वारा 1994 में मुंगेर में ही स्थापित बिहार योग भारती भारत की ऋषि परम्परा, वैदिक जीवन पद्धति एवं योग की सनातन संस्कृति को समर्पित केंद्र है। नालंदा एवं विक्रमशिला विश्वविद्यालयों की तर्ज पर स्थापित यह संस्थान योग पर शोध कार्य को भी आगे बढ़ाने को प्रतिबद्ध है। आज बिहार की धरती से योग का आध्यात्मिक आलोक 100 से अधिक देशों में प्रसरित हो रहा है। ऐसे बिहार की पुण्य धरा प्रातःस्मरणीय है।

 

 

–अविनाश कुमार सिंह, राजपत्रित पदाधिकारी, गृह मंत्रालय, भारत सरकार

विश्व के 60 देशों में आज बिहार की योग पद्धति से योगाभ्यास

13512034_629631983850855_4688466892406494286_n

बिहार के मुंगेर की धरती से ही स्वामी सत्यानंद सरस्वती ने 1963 में यह भविष्यवाणी की थी कि योग परम शक्तिशाली विश्व संस्कृति के रूप में प्रकट होगा और विश्व की घटनाओं को निर्देशित करेगा। जब संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की स्वीकृति प्रदान की तो स्वामी सत्यानंद की भविष्यवाणी सही साबित हो गई।

13509011_629629813851072_9187603744069002521_n

स्वामी सत्यानन्द सरस्वती द्वारा 1963 में स्थापित बिहार स्कूल ऑफ़ योग, मुंगेर ने योग-क्रिया को विश्व पटल पर लाने में विशेष भूमिका निभाई है। मुंगेर का यह योगाश्रम जिसे विश्व का पहला आधुनिक योग केंद्र होने का गौरव प्राप्त है, ने वर्ष 2013 में विश्व योग सम्मेलन का आयोजन कराया था, इसमें करीब 77 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। पिछले 10 साल में यहां देश-विदेश से हजारों लोग योग सीखने आए हैं। इनमें आम आदमी, बिजनेसमैन, सेलिब्रिटी और राजनेता तक शामिल हैं। यहाँ आने वाले सेलिब्रिटी और राजनेताओं को अपने VVIP स्टेटमेंट का कोई फायदा नहीं मिलता, उन्हें भी अन्य लोगों की तरह सुबह से शाम तक स्कूल के रुटीन के अनुसार चलना होता है। यहां अनुशासन का पालन करना सबसे अधिक जरूरी है। यहां पहले से परमिशन लिए बिना प्रवेश करना काफी मुश्किल है। स्कूल में सिर्फ उनलोगों का ही स्वागत होता है जो पूरे दिल से ऑथेंटिक योग की शिक्षा लेना चाहते हैं।

13466310_1041494269273600_4924537163548072416_n

स्कूल में प्राचीन गुरुकुल जैसी शिक्षा प्रणाली है। जहां छात्र अपने गुरु के साथ नजदीकी से जुड़े रहते हैं। गुरु छात्र पर नजर रखते हैं, जिससे वे गलत योग मुद्रा और सांस लेने की तकनीक न सीखें। यहां योग के सभी प्रकार की शिक्षा दी जाती है, जिसमें हठ योग और अष्टांग योग भी शामिल हैं। लोगों को योग को लाइफ स्टाइल में शामिल करना सिखाया जाता है। देश-विदेश से यहाँ अनेक ऐसे लोग आये जो असाध्य बिमारियों से पीड़ित थे पर योगाभ्यास के बाद निरोग भी हो गए।

आज विश्व के लगभग से 60 से अधिक देशों के लोग बिहार योग पद्धति से ही योगाभ्यास कर रहे हैं। ये सभी बिहार योग पद्धति पर आधारित योग केंद्र से संचालित हो रहे हैं। इस पद्धति के जरिये ही लोगों को स्वस्थ जीवन का गुर सिखाया जा रहा है। इन देशों में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, ब्राजील, बुल्गारिया, कनाडा, चिली, चीन, कोलंबिया, क्रोएशिया, डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, यूनान, ईरान, इराक, आयरलैंड, इटली, जापान, कजाकिस्तान, लेबनान, नेपाल, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, पुर्तगाल, स्कॉटलैंड, रूस, स्पेन, अमेरिका, लंदन, दक्षिण अफ्रीका, स्विट्जरलैंड सहित कई अन्य देश शामिल है।