बिहार बोर्ड ने कर दिया था फेल, जिद पर रही अड़ी तो टॉप-10 में हुई शुमार, कोर्ट ने बोर्ड पर लगाया जुर्माना

सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के सिटानाबाद पंचायत के छोटे से गांव गंगा प्रसाद टोले की प्रियंका सिंह ने अपनी जिद और आत्मविश्वास के दम पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को आइना दिखा दिया| दरअसल बोर्ड द्वारा मैट्रिक की परीक्षा में फेल घोषित कर दी गई प्रियंका ने हाईकोर्ट में चुनौती दी| जांच में बोर्ड के बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ|

प्रियंका परीक्षा में सिर्फ पास ही नहीं घोषित गई, बल्कि प्रथम श्रेणी से राज्य भर में दसवां स्थान भी पाया| इस मामले में कोर्ट ने बिहार बोर्ड को पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया|

ये मामला 2017 के मैट्रिक की परीक्षा का है, जिसमें 10वीं की परीक्षार्थी प्रियंका सिंह को परीक्षाफल में फेल घोषित किया गया है| प्रियंका को विज्ञान में 29 अंक और संस्कृत में महज 4 अंक मिले| प्रियंका सिंह ने पुनर्मूल्यांकन के लिए चैलेंज किया, लेकिन पुनर्मूल्यांकन में भी वही स्थिति रही| उसे विज्ञान में इस बार 7 और संस्कृत में 9 अंक मिले|

प्रियंका ने न्याय के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया| कोर्ट ने पहली सुनवाई में कहा कि अगर छात्रा का आरोप गलत हुआ तो 40 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगेगा| कोर्ट के इस शर्त पर छात्रा तैयार हो गई| कोर्ट के आदेश पर उसने 40 हज़ार जमा कर दिए|

कोर्ट के आदेश पर जब याचिकाकर्ता की कॉपी कोर्ट में पेश की गईं, तो कापी में हैंडराइटिंग अलग पाई गईं| दरअसल वो कॉपी याचिकाकर्ता की थी ही नहीं| अदालत के सख्त निर्देश पर जब मूल कॉपी पेश की गई तो उसकी जांच हुई| छात्रा को विज्ञान में 80 और संस्कृत में 61 अंक मिले| इस पर कोर्ट ने बिहार विद्यालय समिति पर पांच लाख का जुर्माना लगाया है|

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अधिकारियों के मुताबिक गलत बार कोडिंग की वजह से ये गड़बड़ी हुईं| प्रियंका सिंह की कोडिंग किसी दुसरी छात्रा के नाम हुई थी| बोर्ड ने बार कोडिंग करने वाले एजेंसी पर एफआईआर दर्ज करा कर सारा ठीकरा उसी पर फोड़ दिया|

तीन महीने में खाता में राशि जमा कराने का आदेश 

हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान आदेश दिया कि छात्रा प्रियंका और उसके अभिभावक को इस मामले के कारण मानसिक पीड़ा से गुजरना पड़ा है, इसलिये 5 लाख रुपए की राशि अगले तीन महीने में उनके खाते में जमा की जाए|

प्रियंका की जिद ने बोर्ड के सबसे बड़े घोटाले का भंडाफोड़ कर दिया और अपनी प्रतिभा का परचम लहराया|

Search Article

Your Emotions