चीन के बाद नेपाल की दादागिरी, नेपाली सैनिकों ने बिहार बॉर्डर पर की अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत

नेपाल की इस कार्रवाई के बाद बॉर्डर पर तनाव बढ़ गया है, दोनों देशों के अधिकारी बॉर्डर पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं

सीमा पर चीन के दादागिरी के बाद भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल भी अपनी मनमानी शुरू कर दी है| भारत-नेपाल में सीमा (India Nepal Border Dispute) को लेकर चल रहे विवाद के बीच खबर आ रही है कि नेपाल की तरफ से बिहार के जानकीनगर बॉर्डर पर अंधाधुंध फायरिंग की गयी है| नेपाली सैनिकों द्वारा की गयी इस फायरिंग में एक भारतीय की मौत हो गई है और तीन घायल हुए। जिसमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। इसके साथ खबर है कि एक भारतीय को नेपाली पुलिस ने बंधक भी बना लिया है| नेपाल की इस कार्रवाई के बाद बॉर्डर पर तनाव बढ़ गया है। दोनों देशों के अधिकारी बॉर्डर पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं।

यहां भारत का सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) तैनात है। इसके डीजी कुमार राजेश चंद्रा ने कहा- यह आपसी विवाद का मामला है। रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दी है। घटना के बाद एसएसबी के डीजी कुमार राजेश चंद्रा ने न्यूज एजेंसी से कहा, “नेपाल के सैनिकों ने करीब 15 राउंड फायर किए। इनमें से 10 राउंड हवा में फायर किए गए। एक व्यक्ति की मौत हुई। तीन घायल हैं। नेपाल के सुरक्षाकर्मियों ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। हम उसकी रिहाई के लिए बातचीत कर रहे हैं। हम नहीं चाहते कि बात ज्यादा बढ़े।”

वहीं सीतामढ़ी से बिहार के सतारूढ़ जनता दल यूनाइटेड के सांसद व पूर्व पर्यटन मंत्री सुनील कुमार पिंटू ने कहा, “आज नेपाल ने पहली बार दोनों देशों के संबंध के उपर गोली चलाने का काम किया है। नेपाली की ये कार्रवाई शर्मसार करने वाली है। हमारे बीच रोटी-बेटी का संबंध रहा है।”

ज्ञात हो कि भारत-नेपाल के बीच सीमा को लेकर विवाद चल रहा है| नेपाल ने अपने नए नक्शे में भारत के कई इलाके को अपना हिस्सा बताया है। उसका दावा है कि लिपुलेख, कालापानी और लिपिंयाधुरा उसके क्षेत्र में आते हैं। वहीं भारत ने नेपाल के दावा को निराधार बताया है| भारत के  विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया था कि इस सीमा विवाद का हल बातचीत के माध्यम से निकालने के लिए आगे बढ़ना होगा।

Search Article

Your Emotions