इस बार बिहार दिवस का उद्घाटन करेंगे उपराष्‍ट्रपति, इस कलाकार के प्रस्तुति पर झूमेगा बिहार

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 22 मार्च को धूम-धाम से बिहार दिवस मनाने की तैयारी जोरो पर है। राज्य के हर जिले में इस विशेष मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इसके साथ ही राजधानी पटना के एतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य सामारोह का आयोजन होगा।

बिहार के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले बिहार दिवस समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू शामिल होंगे। नायडू और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तीन दिनों के बिहार दिवस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे, जबकि राज्यपाल सत्य पाल मलिक के हाथों इसका समापन होगा।

बता दें कि बिहार दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए चार समितियां और करीब दर्जन भर उपसमितियां भी गठित की गई हैं। मुख्य आयोजन गांधी मैदान में 22 से 25 मार्च के बीच होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम ज्ञान भवन में आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का जिम्मा बिहार शिक्षा परियोजना परिषद को दिया गया है। परियोजना परिषद ने सरकार के निर्देश के बाद चंपारण सत्याग्रह शताब्दी वर्ष को आयोजन की थीम बनाया है।

बिहार दिवस में शुभा मुद्ग्‍गल और बडाली ब्रदर्स होंगे आकर्षण

बिहार दिवस के मौके पर गांधी मैदान और ज्ञान भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका शुभा मुद्गल और लोक गायक वडाली ब्रदर्स आयोजन की शान होंगे। इन कलाकारों के साथ ही इंडियन ओसेन ग्रुप ओर प्रतिभा सिंह बघेल भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।
बिहार शिक्षा परियोजना के निदेशक संजय सिंह ने बताया कि आयोजन के पहले दिन इंडियन ओसेन ग्रुप गांधी पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति देगा। इसके अगले दिन प्रतिभा सिंह बघेल गांधी गीत की प्रस्तुति देंगी। आयोजन के अंतिम दिन शुभा मुद्गल गांधी पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी साथ ही अपने कुछ पॉपुलर गानों की प्रस्तुति भी वे देंगी।

दूसरी ओर ज्ञान भवन में वड़ाली ब्रदर्स गायन के साथ ही तीन दिनों के दरम्यान पपेट शो और अन्य सांस्कृतिक आयोजन होंगे। गांधी मैदान में तीनों दिन लेजर शो भी होंगे। यह शो पूरी तरह से गांधी जी पर आधारित होगा।

Search Article

Your Emotions