मौसम मेहरबान.. खेतों में उतरे अन्नदाता, रोपनी शुरू

धान के कटोरे रोहतास जिले में मौसम की मेहरबानी से खेतों में रौनक छा गई है। खरीफ की खेती को ले अन्नदाता खेतों में उतर गए हैं। जिले में धान की रोपनी को ले खेतों की जोताई शुरू कर दी गई है। कुछ जगहों पर रोपनी का कार्य प्रारंभ भी हो चुका है। आने वाले दिनों में इसे और तेज होने की उम्मीद है।
किसानों के अनुसार मानसून की इसी बारिश का उन्हें इंतजार था। रोहिणी नक्षत्र में डाले गए बिचड़ा लगभग तैयार हो चुके हैं। हालांकि जिले के दक्षिणी क्षेत्र में अभी और बारिश की दरकार है, लेकिन उत्तरी क्षेत्र में जहां नहर का पानी खेतों में पहुंच गया है, वहां खेती-किसानी का कार्य शुरू हो चुका है। यदि मौसम की मेहरबानी इसी तरह बनी रही, तो इस वर्ष भी धान की खेती समय से संपन्न हो जाएगी।


किसानों की मानें तो मौसम की यह मेहरबानी से धान की खेती के लिए अमृत के समान है। आसमान में छाए बादलों ने कृषि कार्य में लगे लोगों को राहत दी है। रोपनी के गीतों से ग्रामीण क्षेत्र के बधार गुलजार होने लगे हैं।
किसान सलाहकार व कृषि वैज्ञानिक जिले में बंपर खेती को ले तत्पर हैं। कृषि विभाग द्वारा धान की खेती के अलावा मक्का व दलहनी फसलों की खेती को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

Search Article

Your Emotions