इन्टरव्यू: बिहार की सबसे मशहूर और दमदार आवाज RJ अंजलि अभी अमेरिका में देश का कर रही है प्रतिनिधित्व

वो लड़की बिहार की आवाज कही जाती है| वो लड़की “दिमाग पटना! दिमाग!” कह के लाखों लोगों का दिल चुरा चुकी है| वो लड़की न सिर्फ खुबसूरत दिखती और बेबाक बोलती है, बल्कि हर छोटे-बड़े मुद्दे पर एक अलग राय भी रखती है| सूरत, आवाज और दिमाग का इतना सुंदर तालमेल बहुत कम देखने को मिलता है| सही मायने में पटना जिस आवाज का इन्तेजार पूरे दिन करता है, वो आवाज शाम के 5 बजे खुद चलकर उनके पास आ जाती है| यही तो जादू है रेडियो का, यही तो जादू है एक आर.जे. का|

जी हाँ! हम बात कर रहे हैं, रेडियो मिर्ची से 10 साल से जुड़ी आर.जे. की, जिसने पूरे देश में हंगामा मचा रखा है| इन्हें रेडियो मिर्ची की 2016 की बेस्ट आर.जे. सम्मान से नवाजा गया है| इन्हें दैनिक भास्कर ने भी इस साल ‘वीमेन एचीवर्स अवार्ड’ से सम्मानित किया है| जाने कितने दिलों की धड़कन बन चुकी ये आर.जे. फेसबुक पर 2 लाख से अधिक फोलोवर्स को भी अकेले मैनेज करती हैं| अभी “इंटरनेशनल लीडरशिप प्रोग्राम” में देश का कर रही है प्रतिनिधित्व।

बिहार में रहकर दस साल पहले किसी लड़की का ये कुव्वत जुटा पाना कि उसे अपने पैशन के साथ चलना है, ये बहुत बड़ी बात है| आज सफलता के नये आयाम गढ़ रही इस लड़की का नाम है- आर.जे. अंजलि|

हाल ही में ‘आपन बिहार’ की टीम से हुई लंबी बातचीत में से कुछ अंश आर.जे. अंजलि के फेन, दीवानों , शुभचिंतकों के लिए |

प्रश्न: आपको बेस्ट आर.जे. अवार्ड और विमेंस अचीवर्स अवार्ड मिला है, आपन बिहार की टीम की तरफ से बहुत बधाई हो! तो क्या अब जिम्मेदारियाँ बढ़ी हुई महसूस होती हैं?

अंजलि: थैंक यु, थैंक यु, थैंक यु सो मच! एक्चुअली जिम्मेदारियों से कहीं ज्यादा ये है कि हर वक्त आपको कोई देख रहा है| आपको हर समय प्रेजेंटेबल रहना पड़ता है| आपको पता नहीं होता, कब कहाँ, किससे मिलना हो| तो हर वक्त तैयार रहना बहुत जरूरी हो गया है अब|

anajali_2

प्रश्न: अब आप एक सेलेब्रिटी हैं, सोसाएटी के प्रति कर्तव्य बढ़े हुए से लगते हैं?

अंजलि: सोसाएटी, कर्तव्य… ये सब न बहुत भारी वर्ड्स हैं| जो मेरे पास आता है, मैं उसके अनुसार काम करती हूँ| मेरा कोई स्पेशल इनिशिएटिव नहीं है|

हाँ! एक चीज़ मेरा हमेशा से रहा है कि छोटी बच्चियों के लिए मेरा बहुत ज्यादा झुकाव है| खासकर इसलिए क्योंकि हमलोग चार बहनें हैं तो हमें पता है, बीइंग अ बिहारी, लड़कियों का एक अलग लेवल का चैलेंज होता है और शायद इसी वजह से लोग हमसे ज्यादा रिलेट करते हैं| सेलेब्रिटी का दर्जा मिला है, क्योंकि एक ‘अनकन्वेंशनल’ काम करके, एक मुकाम हासिल करना| अभी भी हमारी सोसाइटी में कहीं-न-कहीं ये बात है| खुद मुझे भी पूछा जाता है “ठीक है तुम रेडियो में हो, लेकिन आगे क्या”?

प्रश्न: तो एक प्रेशर आपने भी झेला है?

अंजलि: हाँ! इन दिनों ऐसा है न कि आप जो कर रहे हो, आपके पेरेंट्स और आपके आसपास के लोग आपसे इतनी ज्यादा उम्मीदें रखने लगते हैं| हर किसी को इंस्टेंट रिजल्ट चाहिए| “तुम आज आर.जे. बनी हो, तुमको आज बेस्ट आर.जे. का अवार्ड मिल जाना चाहिए”, “तुम राइटर बनी हो तो तुम्हें बेस्ट राइटर का अवार्ड मिल जाना चाहिए”|

लेकिन ऐसा नहीं होता है| ये एक सफ़र होता है, और वो सफ़र जब तक आप पूरा नहीं करोगे, आप रॉ से मैच्योर नहीं बन पाओगे| तो मेरा जो कैरियर है, इट्स 10 इयर्स स्पैन| ये दस साल में हुआ है यार! इंस्टेंट अंजलि जागी नहीं है, और न हो इंस्टेंट मैंने कुछ किया है| स्कूलिंग, कॉलेज, मेरा सबकुछ एक रेडियो प्रोफेशन में हुआ है| शायद इसलिए लोग मुझसे जुड़ते हैं कि उन्होंने ये देखा है| मेरे साथ वो भी बड़े हो रहे हैं| मुझे फेसबुक पर कई लोग कहते हैं कि जब स्कूल में था, तब से आपको सुन रहा हूँ| तो क्या है न, मेरे साथ वो मोमेंट जी चुके हैं|

हम क्यों अमिताभ बच्चन साहब को इतना ज्यादा पसंद करते हैं, क्योंकि बच्चन साहब के साथ, हम भी बड़े हुए हैं| एक स्ट्रगल होता है|

anjali_rj

प्रश्न: इस स्ट्रगल के दस साल को बेस्ट आर.जे. अंजलि एक शब्द में क्या कहेंगी?

अंजलि: ये दस साल मेरे लिए ‘पटना’ रहा है| इन दस सालों में मैंने पटना के अलावा कुछ सोचा नहीं है| कोई त्यौहार नहीं मनाया| कई बार घर में किसी से बात करने में बोलते-बोलते ‘पटना’ बोल जाती हूँ| दिमाग में कांस्टेंटली ‘पटना’ चला है, दस साल से|

प्रश्न: आपको लोग बिहार की आवाज कहते हैं| बिहार के रेडियो की आवाज कहते हैं| इस बारे में क्या कहेंगी?

अंजलि: ये उनलोगों का बड़प्पन है जो ऐसा कहते हैं| बस अपना काम कर रही हूँ| रेडियो से प्यार बहुत है| अगर हम रेडियो पर बात नहीं कर रहे, तो एक खालीपन सा रहता है| जो है दिमाग में, वो कह देने की आदत सी हो गयी है|

प्रश्न: एक फूडी अंजलि को अगर रोड पर खुल्ला छोड़ दिया जाये..?

अंजलि: तो पहले चाट| वो छोटे मटर वाला चाट, मसाले वाला| समोसा और गोलगप्पा भी टेस्ट कर सकते हैं| और जबतक पेट न भरे, तब तक सबकुछ|

प्रश्न: बिहार की कौन सी जगह घूमने की दृष्टि से पसंद आता है?

अंजलि: बिहार में घूमने की स्थिति बिलकुल नहीं है| हमारे पास बहुत कुछ है, मगर हमने कभी ध्यान नहीं दिया| जब रेत को ‘कक्ष’ बना सकते हैं| समुद्र के किनारे को ‘बीच’ बना सकते हैं| तो हमारे पास तो इतना कुछ है|

हाँ! दो-तीन सालों में थोड़ा डेवलपमेंट या टूरिस्म की बात सामने आ रही है| मगर बिहार में टूरिस्म नहीं है| ठीक है बिहार म्यूजियम बन रहा है आज के डेट में, मगर पटना म्यूजियम की हालत क्या है| हम बहुत आगे बढ़ सकते थे| पर फिर ब्लेम गेम, ब्रेन ड्रेन का बहाना| चलो, अपनी खामियों को छुपाने के लिए ये ख्याल भी अच्छा है! ठीक है डेवलपमेंट हो रहा है| मगर सड़कें बनने से डेवलपमेंट नहीं होता| सड़कें, बिजली, ये सब नीड है|

प्रश्न: दस साल पहले की अंजलि और अब की अंजलि की सोच में कोई फर्क आया है?

अंजलि: दस साल में तो डेकोरेट होता है आदमी| दुनिया बदलती है, समाज बदलता है, शहर बदलता है| ऑफ़ कोर्स बिहार बदला है, पटना बदला है| मैं भी बहुत बदली हूँ| लोग कहते हैं कि “पहले तुम बहुत चहकती थी, पर अब तुम सेटल हो गयी हो, धीरे-धीरे, मैच्योर्ड|” तो अब चीजों को समझने की कोशिश करती हूँ| पॉजिटिव और नेगेटिव एंगल समझने की कोशिश| नेगेटिव तो कम… पॉजिटिव ज्यादा खोजती हूँ| तो ऐज अ पर्सन, एक लाइन में “बड़े हो गये हैं हम”|

प्रश्न: अंजलि अपने खाली टाइम में क्या करती है?

अंजलि: मुझे ट्रेवल करना बहुत पसंद है| अपने पेट्स के साथ रहना| मेरा मानना है कि अगर आपने 60 दिन जम के काम किये हैं तो आपको 3 दिन का ब्रेक लेना चाहिए| इससे तीन चीजें होती हैं| एक तो आप अपने काम से बोर नहीं होते, दूसरा आपका मेंटल स्टेबिलिटी स्ट्रांग रहेगा, तीसरा आप फिर से पूरे जोश के साथ काम में वापस आयेंगे| ये किसी भी प्रोफेशन के लिए जरूरी है|

प्रश्न: आर.जे. बनने के लिए क्या-क्या करना चाहिए?

अंजलि: आर.जे. बनने के लिए कुछ नहीं चाहिए| हर कोई आर.जे. बन सकता है| आर.जे. मतलब थिएटर ऑफ़ माइंड| अगर आप बिना दिखे हुए किसी को बता सकते हैं कि अभी आप क्या सोच रहे हैं, तो आप आज.जे. बन सकते हैं| सबसे बड़ी बात है, रेडियो पर्सन खुद से फेक नहीं हो सकता| अगर आप अपने-आप के लिए ओरिजिनल हैं, आप अपने खुद के फेवरेट हैं, तो आप आर.जे. हैं|

प्रश्न: इतनी बड़ी फेन फ़ॉलोविंग, अकेले कैसे मैनेज कर लेती हैं?

अंजलि: वो अब परिवार हो गया है| हर दिन एक नया चैप्टर, एक अलग टेस्ट के लोग| फेसबुक और ट्विटर से बहुत कुछ सीखने को भी मिलता है|

प्रश्न: आपके पास ऐसे मैसेज भी आते होंगे कि आप सेलेब्रिटी हैं, आपके पास पॉवर है, आप उनकी मदद कर सकती हैं?

अंजलि: हाँ! बिलकुल| लोग कहते हैं आपको इस चीज़ के लिए आवाज उठानी चाहिए, उस चीज़ के लिए आवाज उठानी चाहिए| लेकिन अगर आपकी आवाज वाकई स्ट्रोंग है तो हम खुद आप तक पहुँचेंगे| आजकल हर प्लेटफार्म पर लोग बहुत आसान तरीका चुनते हैं| “हम इनको ऐसा लिखेंगे तो हमारी प्रॉब्लम सॉल्व कर देंगे|” आप ऐसे क्यों जा रहे हैं? आप कोशिश करें| कहीं-न-कहीं कोई प्रॉब्लम है आपकी कोशिश में तभी मैं आपकी मदद नहीं कर पा रही| बाकी मेरी कोशिश होती है जितनी मदद कर सकूँ, मैं करती हूँ|

प्रश्न: आर.जे. अंजलि इतनी फेमस है, फिर भी एक फेसबुक पेज क्यों नहीं?

अंजलि: कुछ चीजों को लेकर मैं बहुत पर्सनल हूँ| जहाँ से शुरुआत की है, वो कभी छोड़ नहीं सकती| तो पेज का भी यही है|

प्रश्न: कोई ऐसा फैन जो सबसे अलग लगा हो?

अंजलि: बहुत से ऐसे लोग हैं| किसी ने बहुत महँगी घड़ी गिफ्ट की थी, आज तक नहीं जानती वो कौन हैं| हाल में एक लड़की समस्तीपुर से आई थी| चूँकि लड़की का मामला था, मैंने सोशल मीडिया पर शेयर नहीं किया| (यहाँ कहानी सुनाई गयी थी, हम भी शेयर नहीं कर पाएँगे)| और एक ठेले वाले ने मेरी तस्वीर का पोस्टर बनाया हुआ है… वो भी खास है|

प्रश्न: बिहार की जो बात सबसे अच्छी लगती हो?

अंजलि: अपनापन| यहाँ अपनापन बहुत है| हमलोग रिश्ते बनाने में सबसे आगे हैं| और यहाँ की यादाश्त बहुत स्ट्रोंग है|

प्रश्न: एक लड़की होने के नाते, समाज से एक चीज़ जो हटनी चाहिए|

अंजलि: लड़की मतलब शादी नहीं है, काम भी है| घर में ये सोच होना जरूरी है|

प्रश्न: फिल्मों में जब भी गुंडों का रोले होता है, वो बिहारियों को दिया जाता है या उस चरित्र को बिहारी दर्शाया जाता है… क्या कहेंगी?

अंजलि: गुंडागर्दी भी एक रोल है| बिहारी दिख तो रहे हैं| ये भी एक फेज है| फिर पॉजिटिव रोल भी मिलेंगे| नज़र में आना चाहिए, नज़र में नहीं हों तो प्रॉब्लम|

प्रश्न: एक आखिरी सवाल, अंजलि इस ब्यूटी, पॉपुलैरिटी और इंटेलिजेंस को एक साथ कैसे संभालती हैं?

अंजलि: जो भी है फ्लो में है| कोई एक्स्ट्रा एफर्ट नहीं होता| शो में कल से बेहतर आज क्या हो सकता है, वो सोचती हूँ| और बाकी सब तो ऐसा लगता है मुझे कि दस सालों में जो करती आई हूँ, वो मेहनत आज मुझे रिटर्न दे रही है|

प्रश्न: आपन बिहार के लिए सन्देश?

अंजलि: एक्चुअली मैं आश्चर्यचकित हूँ, आपलोग इतने कम उम्र में इतनी जिम्मेदारी का काम कर रहे हो| ये बहुत बड़ी बात है| यूँ ही पॉजिटिव तरीके से काम करते रहो और फ़ॉल्लोवर जितना अधिक हो सके बढ़ाओ|

Search Article

Your Emotions