जानिए माइक्रोसॉफ्ट के सह-फाउंडर बिल गेट्स ने क्यों किया बिहार सरकार की तारीफ?

बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के सह अध्यक्ष बिल गेट्स भारत दौरे पर आये हुए हैं| इसी दौरान हाल ही वो बिहार भी आये थे और उनके संस्था द्वारा किये जा रहे काम का जायजा लिया| रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद उन्होंने बिहार की जमकर तारीफ की|

उन्होंने कहा कि कहा कि पिछले 20 वर्षों में बहुत ही कम स्थानों पर बिहार की तुलना में गरीबी और बीमारी के खिलाफ अधिक प्रगति हुई है।

गेट्स ने कहा कि जेंडर डैशबोर्ड को क्रियान्वानित करने में राज्य का प्रयास सराहनीय है। बिहार में जन्म लेने वाले एक शिशु में अपने 5वें जन्मदिन तक पहुंचने की संभावना, दो दशक या उसके पहले जन्मी अपनी मां की तुलना में दो गुने से अधिक है। अब हमें यह सुनिश्चित करना है कि सभी बच्चे स्वस्थ होकर अच्छी शिक्षा प्राप्त करने में सक्षम हों। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन राज्य सरकार के साथ मिल कर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभाव का मुकाबला करने और पृथ्वी पर पारिस्थितिक संतुलन को बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा संचालित कार्यक्रम ‘जल-जीवन-हरियाली’ के बारे में बताया गया। बैठक के दौरान ‘रूटीन इमोनाइजेशन’ पर आधारित एक स्मारिका का भी विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने गेट्स को अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, सामुदायिक स्तर पर जन-व्यवहार परिवर्तन, स्वास्थ्य, पोषण एवं कृषि जैसे क्षेत्रों में बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन की सहभागिता से बहुत खुश हैं। बिहार स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास जैसे विभागों में स्थायी प्रणालियों को और मजबूत करने के लिए गेट्स फाउंडेशन के साथ साझेदारी जारी रखने को इच्छुक हैं।

AapnaBihar: