उत्कृष्ट कार्यों के लिए मधुबनी के आइपीएस संजय कुमार को दूसरी बार मिला राष्ट्रपति सम्मान

भारतीय पुलिस सेवा के 1989 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आइपीएस अधिकारी एवं मधुबनी जिले के मधवापुर प्रखंड अंतर्गत डुमरा गांव के मूल निवासी संजय कुमार झा को राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया जायेगा। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी पत्र के मुताबिक पुलिस सेवा में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए इन्हें वर्ष 2019 के राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया जाएगा। श्री झा वर्तमान में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, उत्तरी क्षेत्र के डेप्यूटी डायरेक्टर जेनरल पद पर हैं।

इसके पूर्व श्री झा चंबल, जबलपुर एवं भोपाल में जोनल आइजी के रूप में पदस्थापित रहे हैं| झा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सशस्त्र सीमा बल के डीआइजी के रूप में मुजफ्फरपुर और पटना में तैनात रहे हैं| पहले भी इन्हें उत्कृष्ट कार्यों के लिए मेडल प्राप्त हुआ था।

झा की पत्नी डॉ. मातंगी झा रेलवे में दिल्ली में सीनियर डीएमओ के पद पर पदस्थापित हैं। जबकि श्री झा की माता विमला झा दरभंगा के टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज की प्रिंसिपल एवं जिला विद्यालय निरीक्षिका के पद से सेवानिवृत्त हुई। श्री झा की पुत्री सौम्या झा 2017 बैच की आइएएस अधिकारी हैं। उनके दामाद अक्षय भी 2017 बैच के राजस्थान कैडर के आइएएस अधिकारी हैं। श्री झा के दूसरे भाई अजय कुमार झा दक्षिण अमेरिका में व्यवसायी के तौर पर कार्यरत हैं।

इस बारे में उत्तरी क्षेत्र डेप्यूटी डायरेक्टर जेनरल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो संजय कुमार झा ने कहा कि ‘अबतक की 30 वर्षों की सेवा में विभिन्न जगहों पर विभिन्न तरह की जिम्मेदारियां सौंपी गईं जिनका अपनी क्षमता के अनुरुप निर्वहन किया हैं। उसी के प्रतिफल के रुप में इस सम्मान को लेता हूं। इससे मुझे आगे और भी कर्मठता से जिम्मेवारी निर्वहन का दायित्व बोध होता हैं।

Search Article

Your Emotions