हेल्लो हरेंद्र सिंह जी! मैं बिहार का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बोल रहा हूँ

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संकल्प और बिहार सरकार द्वारा दिये जा रहे संदेश से प्रेरित होकर कौरा मिडिल स्कूल के रिटायर्ड हेडमास्टर हरेंद्र सिंह ने दहेज की राशि लड़की वालों को लौटा दी थी|

जब यह खबर बिहार के मुख्यमंत्री के पास पहुची तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को दहेज विरोधी अभियान में भूमिका निभाने के लिए कौरा मिडिल स्कूल के रिटायर्ड हेडमास्टर हरेंद्र सिंह के मोबाइल पर फोन किया और इस नेक कार्य के लिए बधाई दी| मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन भी इस मामले में सक्रिय हो गया है|

भोजपुर के जगदीशपुर प्रखंड के कौरा स्थित आदर्श मिडिल स्कूल के रिटायर्ड स्कूल हेडमास्टर व आरा के एकता नगर निवासी हरिन्द्र सिंह को जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को फोन किया तो कुछ क्षणों के लिए वे अवाक रह गये।

शुरू में किसी ने फोन कर कहा कि मुख्यमंत्री बात करेंगे तो उन्हें सहसा विश्वास ही नहीं हुआ। लेकिन मुख्यमंत्री ने सचमुच औपचारिक अभिवादन के बाद उनके निर्णय पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने सिंह को छठ पूजा के बाद पटना आकर मिलने का आमंत्रण भी दिया। भोजपुर डीएम संजीव कुमार और मेयर प्रियम ने भी फोन कर रिटायर्ड हेडमास्टर को बधाई दी और उनके कदम को समाज के लिए अनुकरणीय बताया। भोजपुर एसपी अवकाश कुमार ने भी सिंह को फोन कर उनके निर्णय को साहसी कार्य बताया।

स्थानीय राजद नेता मनोज कुमार सिंह ने सिंह को फोन कर उन्हें सम्मानित करने की बात कही। हरिन्द्र सिंह व उनका परिवार हाल में ही चंदवा में आयोजित महायज्ञ के दौरान बीते चार अक्टूबर को मुख्यमंत्री के दहेज के खिलाफ अभियान से प्रभावित होकर अपने बेटे के विवाह के लिए मिली दहेज की राशि को लौटाने का निर्णय लिया था। दूल्हा प्रेम रंजन सिंह उर्फ छोटू के बडे़ भाई राजीव रंजन सिंह उर्फ बिट्टू ने बताया कि प्रेम की शादी फरवरी में कोईलवर थाना क्षेत्र के जमालपुर निवासी प्रमोद कुमार सिंह की पुत्री अनुराधा उर्फ अनु से तय हुई थी।

प्रेम आईटीआई डिप्लोमा कोर्स करने के बाद गोढ़ना रोड़ में बिजली संयत्र का दुकान चलाता है। लड़की वालों ने अप्रैल माह में उनके परिवार को विवाह की व्यवस्था के लिए चार लाख रुपये दिये थे, जिसे राजीव ने लड़की वालों के घर 10 अक्टूबर को जाकर उसे लौटा दिया। इस निर्णय में दूल्हे की मां लीलावती देवी का भी समर्थन था। दुल्हन के भाई रोहित सिंह ने बताया कि उनकी बहन की शादी 3 दिसंबर व तिलक 28 नवंबर को है। उनके पूरे परिवार को इस बात का गर्व है कि उनके घर की लड़की ऐसे ऊंचे आदर्श वाले परिवार के घर में जा रही है।

Search Article

Your Emotions