शराबबंदी के बाद अब होगी दहेज़बंदी, दहेज के खिलाफ चलेगा अभियान

नशे के बाद अब सरकार दहेज प्रथा व बाल विवाह पर धावा बोलने का संकल्प लिया है। इसके लिए सरकार दो अक्टूबर से बकायदा एक अभियान चलायेगी। इसके तहत लोगों को इन बुराइयों का विरोध करने के लिए जागरूक किया जायेगा। सीएम नीतीश कुमार ने ये बातें शुक्रवार को हरनौत प्रखंड के मुबारकपुर-सादिकपुर गांव में आयोजित एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि बिहार किसी की कृपा से नहीं बल्कि बिहारियों के दम पर तरक्की कर रहा है। युवा व किसान जदयू द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने न्याय के साथ विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस साल के अंत तक सूबे के हर बसावट में बिजली पहुंच जायेगी। अगले साल के अंत तक हर घर में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। सात निश्चय के तहत हर क्षेत्र में काम हो रहा है। हर घर में नाली-गली, हर घर में नल का जल और बिजली पहुंचाने का काम तीव्र गति से चल रहा है। ये सभी काम स्थानीय लोग कर रहे हैं। इसके लिए ग्राम पंचायतों व नगर निकायों को उत्तरदायी बनाया गया है। उन्होंने मुखियों को समझाने वाले लहजे में कहा कि किसी के बहकावे में नहीं आये। उनका अधिकार कोई नहीं छीन रहा है। वार्ड कमेटी केवल योजनाओं की अुनशंसा करेगी ताकि कोई भी वार्ड छूटे नहीं। पंचायतों में विकास का काम सभी की राय व सहयोग से किया जायेगा। किसानों व युवाओं के लिए यह सरकार पूरी तरह से संवेदनशील है। किसानों के लिए कृषि रोड मैप बनाकर उनके विकास का पूरा खाका तैयार किया गया है। इसी तरह युवाओं के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड जैसी कई योजनाएं चलायी जा रही है। हर जिले, हर अनुमंडल में तकनीकी व अन्य रोजगार परक शिक्षण संस्थान खोले जा रहे हैं। सीएम ने सभा में मौजूद लोगों से हाथ उठाकर बाल विवाह व दहेज प्रथा पर रोक लगाने के लिए समर्थन मांगा। खासकर महिलाओं से इसका विरोध करने की अपील की। उन्होंने सादिकपुर मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में तब्दील करने व एक स्वास्थ्य उपकेन्द्र की स्थापना करने की घोषणा की।

 

 

सीएम ने कहा कि बिहारियों के बल पर हमारा बिहार आगे बढ़ रहा है. हमारे युवा व किसान मेहनती हैं. अपने परिश्रम के बल पर देश-दुनिया में नाम कमा रहे हैं. सीएम ने कहा कि इसी महीने किसानों की समस्याओं पर विचार के लिए बैठक की जायेगी. उन्होंने पचौरा में हाइस्कूल व स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की.

Search Article

Your Emotions