बिहार निकाय चुनाव प्रथम चरण में 64 प्रतिशत मतदान, कई बूथों पर छिटपुट घटनाएं भी

आज बिहार के 35 जिलों में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग समाप्त हो गयी। पहले चरण के लिए कुल 5108120 वोटरों ने 12978 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर दिया है। अब मतगणना के दिन इस राज का पर्दाफाश होगा कि जीत का सेहरा किसके सिर पर सजता है। प्रत्याशियों में 6890 महिलाएं हैं। पहले चरण में कुल 64 फीसद मतदान हुआ।

बिहार में यह दूसरा निकाय चुनाव है, जिसमें महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण दिया गया हॅै। मतदान के लिए कुल 5306 बूथ बनाए गए थे। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो कुल मिलाकर वोटिंग शांतिपूर्ण रही। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की कतार लगी रही।

नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के घटनाक्रम पर एक नजर

– मतदान के दौरान भागलपुर के एक वार्ड में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए। सिकंदरपुर में हंगामे के दौरान कुछ लोग पकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। इसी दौरान किसी ने जिंदाबाद का नारा लगा दिया। पुलिस ने आरोपी रितुराज को हिरासत में ले लिया, लेकिन कुछ देर बाद छोड़ दिया।

– भागलपुर में भी वार्ड 46 के बूथ 5ए 6 व 8 पर सैकड़ों मतदाताओं ने हंगामा किया। उनके नाम मतदाता सूची से गायब मिले। इससे आक्रोशित होकर उन्‍होंने सिकंदरपुर पानी टंकी के पास सड़क जाम कर हंगामा किया।

– आरा के वार्ड नंबर 18 का चुनाव एक प्रत्‍याशी भागमणी देवी की निधन के कारण स्थगित कर दिया गया है। उनका निधन रविवार की सुबह चार बजे हो गया।

– गया के चार नगर निकाय के लिए वोट डाले जा रहे हैं। गया के केंदुआ में वार्ड 46 के एक गांव के लोगों ने वोट का बहिष्‍कार कर दिया है। वहां एक प्रत्‍याशी के पति अनिल यादव बीते दिन से लापता हैं। लोगों का आरोप है कि एक विपक्षी प्रत्‍याशी न उनका अपहरण करा लिया है।

– गया के वार्ड 18 के पार्षद सह प्रत्याशी अशोक कुमार व उनके एक सहयोगी को पुलिस ने सिटी एसपी के आदेश से हिरासत में ले लिया है।

– सहरसा के एक बूथ पर एक प्रत्याशी के समर्थकों के हंगामा को शांत करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया।

– पश्चिमी चंपारण के बगहा के रामनगर नगर पंचायत के चुनाव में मतदान केंद्र पर मतदाताओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां भाजी, जिसमें एक मतदाता घायल हो गया। दोपहर में नगर के विलासपुर मतदान केंद्र संख्या 18/1 पर लाइन में खड़े लोगों को नियंत्रित करने के लिए एक पुलिस कर्मी आया। भीड़ को नियंत्रित करने में मतदाताओं से बकझक हो गई। इसी को लेकर पुलिस कर्मियों ने लाठी चार्ज कर दिया। लाठी चार्ज होते ही भगदड़ मच गई।

– मधेपुरा शहर के वार्ड संख्या छह के एक बूथ पर मतदान को लेकर दो गुटों में झड़प हुई है। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति सामन्य की। वहीं एक प्रत्याशी भानू प्रताप सहित दो को हिरासत में लिया है।

-दरभंगा नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत 48 वार्डों में रविवार दोपहर एक बजे तक छिटपुट घटनाओं के बीच 36 फीसद वोट पड़े। पुलिस ने धारा 144 के उल्लंघन, हंगामा करने सहित कई वजहों से 29 लोगों को हिरासत में लिया। जिसमें वार्ड 48 के दो प्रत्याशी शिव प्रसाद व पीर मोहम्मद हैं।

-सीतामढ़ी जिले के नगर परिषद सीतामढ़ी, बैरगनिया एवं बेलसंड नगर पंचायत के लिए मतदान जारी है। इस बीच एहतियात के तौर पर सीतामढ़ी से 15 और बेलसंड से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

-खगड़िया जिले के गोगरी नगर पंचायत के वार्ड संख्या दस के बूथ नंबर दस पर दो प्रत्याशी के समर्थकों के बीच झड़प बाद मारपीट व पथराव किया गया। घटना में मो. अजीम, मो. इंसुफ, मो. बसीम और मो. काशिम घायल हो गए। इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बूथ पर स ऐसे लोगों को खदेड़ कर बाहर भगाया।

-मुजफ्फरपुर जिले में ताबड़तोड़ छापेमारी के बीच दोपहर एक बजे तक करीब 40 फीसद वोटिंग हुई है।  चुनाव में गड़बड़ी के आरोप में पूर्व डिप्टी मेयर समेत आधा दर्जन लोग गिरफ्तार किए गए हैं।  एक प्रत्याशी के घर छापेमारी में फर्जी मतदाता पर्ची बनाए जाने की मामला सामने आया है।

-बेतिया में नगर निकाय के चुनाव को लेकर बेतिया में कड़ी धूप के बीचजमकर वोट बरस रहे है। दोपहर एक बजे तक बेतिया में  45 % तो नरकटियागंज में 47 % व चनपटिया में 47 % वोट पर चुके थे।  इस नरकटियागंज में कुल सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं नरकटियागंज नगर परिषद क्षेत्र में बूथ नंबर 4 पर इवीएम खराब होने के कारण 15 मिनट मतदान बाधित रहा।

– नरकटियागंज ब्लाक रोड स्थित बूथ संख्या 20( क) और (ख) पर बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था नदारद रही।इसको लेकर कर्मी व मतदाता परेशान नजर आए। इसके पूर्व निर्धारित समय पर कड़ी सुरक्षा के बीच निकाय चुनाव शुरू हुआ। कही से किसी अप्रिय वारदात की सूचना नहीं है।

-समस्तीपुर के दलसिंहसराय के वार्ड संख्या 1 के बूथ संख्या 1 पर मतदान के दौरान मार पीट व रोड़ेबाजी की घटना हुई। इसमे महिला समेत तीन लोग जख्मी हो गए। पुलिस पर प्रत्याशी विशेष के पक्ष में कार्य करने का आरोप लगते हुए एक पक्ष के लोगो ने हंगामा कर दिया। इसपर दूसरे पक्ष के लोग से मार पीट हो गई। देखते ही देखते रोड़ेबाजी की घटना हो गई।

-गया में नगर निकाय चुनाव के दौरान वार्ड 13 के पंजाबी कॉलोनी में बमबाजी हुई। घटनास्‍थल से एक जिन्दा बम बरामद किया गया।

Search Article

Your Emotions