बिहार के विकास में सहयोग और निवेश करेगा जापान !

पटना| महामहिम राज्यपाल राम नाथ कोविन्द से कल (गुरूवार) कॉन्सुल जेनरल ऑफ जापान इन कोलकाता माशायूकी तागा ने राजभवन पहुँचकर शिष्टाचार मुलाकात की। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान श्री तागा ने कहा कि भारत और जापान के बीच अत्यन्त सौहार्दपूर्ण सम्बन्ध रहे हैं और दोनों देशों की जनता के बीच भी बराबर सांस्कृतिक विचारों के आदान-प्रदान होते रहते हैं।

जापान के कॉन्सुल जेनरल श्री तागा ने राज्यपाल श्री कोविन्द को बताया कि जापान भारत के पूर्वी राज्यों-खासकर बिहार, पश्चिम बंगाल एवं उड़ीसा आदि राज्यों के आर्थिक विकास में सहयोग को उत्सुक है। उन्होंने बताया कि जापान इन राज्यों में आर्थिक निवेश के लिए इच्छुक है और इस दिशा में सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। श्री तागा ने बताया कि बिहार के बोधगया, राजगीर, नालन्दा, पावापुरी आदि पर्यटकीय स्थलों में जापानी पर्यटकों की गहरी अभिरूचि है।

 

राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने भारत के पूर्वी राज्यों में जापान की आर्थिक निवेश की उत्सुकता की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि बिहार के पर्यटकीय विकास में जापान सहयोग कर सकता है. राज्यपाल ने कॉन्सुल जनरल को बताया कि भगवान बुद्ध से जुड़े विभिन्न धार्मिक स्थल बिहार में मौजूद हैं, जिनके विकास के लिए ‘बौद्ध सर्किट’ की स्थापना की गयी है.
इन सभी पर्यटन स्थलों के सम्यक विकास के लिए चरणबद्ध प्रयास किये जा रहे हैं. राज्यपाल ने राजगीर के विश्व शांति स्तूप का उल्लेख करते हुए कहा कि फ्यूजी गुरुजी जैसे जापानी धार्मिक महात्मा के नेतृत्व में बना यह मंदिर बिहार का गौरव है. राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि जापान बिहार के विकास में अपेक्षा के अनुरूप सहयोग करेगा.

Search Article

Your Emotions